राष्ट्रपति 17 मार्च को अक्षय पात्र के कार्यक्रम में शामिल होंगी

Uncategorized

नई दिल्ली: भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 17 मार्च को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र (RBCC), नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा देशभर के बच्चों को 5 अरब (5 बिलियन) संचयी भोजन उपलब्ध कराने की उपलब्धि और संस्था के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की थीम ‘विकसित भारत के लिए सुपोषित और सुशिक्षित भारत’ रखी गई है, जो बाल पोषण और शिक्षा के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण के दृष्टिकोण को रेखांकित करती है।

इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में अक्षय पात्र फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री मधु पंडित दास, उपाध्यक्ष श्री चंचलापति दास और ट्रस्ट बोर्ड के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।

समारोह में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, नीति विशेषज्ञ, परोपकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, साझेदार और अन्य हितधारक शामिल होंगे। इसके साथ ही अक्षय पात्र के कुछ पूर्व लाभार्थी, सरकारी स्कूलों के छात्र, अभिभावक, शिक्षक और विद्यालय स्टाफ भी उपस्थित रहेंगे।

वर्ष 2000 में स्थापना के बाद से अक्षय पात्र फाउंडेशन भारत सरकार की प्रमुख योजना पीएम पोषण (PM POSHAN) के अंतर्गत स्कूली बच्चों को पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध करा रहा है। वर्तमान में संस्था 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में 23.5 लाख से अधिक बच्चों तक प्रतिदिन पौष्टिक भोजन पहुंचा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *