दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने बांग्ला साहेब गुरूद्वारे मे दर्शन किये, गुरुपर्व की सभी को दी बधाई.

कुलवंत कौर रिपोर्ट :-

गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता ने गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेका

“गुरु नानक देव जी की शिक्षाएँ हमें विभाजनों से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देती हैं” – श्री गुप्ता

विधानसभा अध्यक्ष ने बंगला साहिब में गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया

नई दिल्ली, 5 नवम्बर 2025

गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता ने गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेका। अध्यक्ष ने अरदास में भाग लिया और गुरु नानक देव जी की अनन्त शिक्षाओं के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त की, जो आज भी मानवता को करुणा, समानता और निःस्वार्थ सेवा के मार्ग पर अग्रसर करती हैं। श्री गुप्ता ने दिल्लीवासियों की शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए भी मंगल कामना की तथा समाज में सामूहिक प्रगति और सौहार्द्र के लिए गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

माननीय अध्यक्ष ने गुरुद्वारे में आयोजित एक विशेष प्रदर्शनी का भी भ्रमण किया, जो गुरु नानक देव जी महाराज के जीवन और विरासत को समर्पित थी। इस प्रदर्शनी में गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़े दुर्लभ अभिलेखीय फोटोग्राफ, पांडुलिपियाँ और उनके उपदेशों एवं यात्राओं से संबंधित दृश्य प्रस्तुत किए गए थे। श्री गुप्ता ने प्रदर्शनी में गहरी रुचि दिखाते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी गुरु नानक देव जी के शांति, सामाजिक सद्भाव और विश्व बंधुत्व के अमूल्य योगदान को अत्यंत सुंदर ढंग से दर्शाती है।

अपना अनुभव को साझा करते हुए श्री गुप्ता ने कहा, “गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेकना मेरे लिए एक अत्यंत आध्यात्मिक अनुभव रहा। इस पवित्र स्थल की शांति और पवित्रता हमें समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित होने की प्रेरणा देती है। इस पावन अवसर पर आइए हम सभी गुरु नानक देव जी के एकता, करुणा और विश्व बंधुत्व के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लें।” उन्होंने यह भी कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएँ आज के समय में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और मानवता को सद्भावना, धर्मनिष्ठा और शांति के मार्ग पर चलने की दिशा प्रदान करती हैं।

इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए माननीय अध्यक्ष ने कहा, “गुरु नानक देव जी का दिव्य संदेश ‘नाम जपना, किरत करनी और वंड छकना’ आज भी धर्मनिष्ठा और मानवता के पथ को आलोकित करता है। उनकी शिक्षाएँ समय और धर्म की सीमाओं से परे हैं, जो हमें सत्य, विनम्रता और सेवा से युक्त जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं।” उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का दर्शन समानता, सद्भाव और करुणा का संदेश देता है, जो आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है। श्री गुप्ता ने आगे कहा कि यदि हम गुरु की शिक्षाओं का पालन करें तो समाज में जाति, पंथ और समुदाय के भेदभाव से ऊपर उठकर एक समावेशी और शांतिपूर्ण विश्व की स्थापना कर सकते हैं।

अवसर की महत्ता पर बल देते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि गुरु नानक देव जी का समानता और सामाजिक न्याय का दर्शन आज के युग में भी अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति, चाहे उसका धर्म या पृष्ठभूमि कुछ भी हो, गुरु नानक देव जी की कालातीत शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज में सौहार्द और मानवता को सशक्त बना सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top