केन्द्रीय बजट 2026 ‘सबका साथ, सबका विकास’ की माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की सोच को प्रतिबिंबित करता है: कुलजीत सिंह चहल।

नई दिल्ली,:नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल ने माननीय केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी द्वारा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी  के नेतृत्व में प्रस्तुत 13वें केन्द्रीय बजट 2026 का स्वागत करते हुए इसे प्रगतिशील, समावेशी और राष्ट्रहित में बताया है।
श्री चहल ने कहा कि यह बजट निर्माण उद्योग, पर्यटन, तीर्थस्थल विकास, मेडिकल टूरिज़्म और सांस्कृतिक संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को नई गति प्रदान करता है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और युवा भारत को नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ मेडिकल टूरिज़्म को बढ़ावा देने से चिकित्सा क्षेत्र मजबूत होगा तथा हजारों नई नौकरियों का सृजन होगा।

उन्होंने कहा कि होटल उद्योग के विस्तार, तीर्थस्थलों के विकास और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थायी रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। बजट के युवा-केंद्रित दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए श्री चहल ने कहा कि खेलों और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने से यह बजट वास्तव में युवा-अनुकूल और भविष्य-उन्मुख सिद्ध होता है।

1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाले नये आयकर अधिनियम का स्वागत करते हुए श्री चहल ने नॉन-ऑडिट आयकर रिटर्न दाखिल करने की समय-सीमा बढ़ाए जाने को आम करदाताओं के लिए बड़ी राहत बताया। साथ ही, नए कर न लगाए जाने के निर्णय से मध्यम वर्ग को महत्वपूर्ण राहत मिली है।

श्री चहल ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के तीनों कर्तव्यों (Kartavyas)—आर्थिक विकास को गति देना और उसे बनाए रखना, जन-आकांक्षाओं की पूर्ति करना तथा क्षमता निर्माण—को सशक्त रूप से आगे बढ़ाता है और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के अनुरूप संतुलित एवं विकासोन्मुखी अर्थव्यवस्था की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है।

आशा व्यक्त करते हुए श्री चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री के विज़न के अंतर्गत यह बजट एनडीएमसी क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, स्मार्ट सिविक सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता अभियानों, हरित विकास और रोजगार सृजन को नई मजबूती देगा, जिससे नई दिल्ली को एक विश्व-स्तरीय राजधानी के रूप में और सशक्त बनाया जा सकेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top