उदंकार महिला शक्ति समिति, गैरसैंण (चमोली) द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन

गैरसैंण, चमोली (उत्तराखंड) | 08 मार्च 2026

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उदंकार महिला शक्ति समिति, गैरसैंण (जनपद चमोली) द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समिति की अध्यक्ष सरोज शाह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रेरणादायक नाटक, गीत, लोकगीत एवं लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं। आयोजन में नगर क्षेत्र के 28 से अधिक महिला समूहों ने भाग लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिलाओं द्वारा आयोजित कुर्सी दौड़, वाद्य यंत्र प्रतियोगिता एवं मिसेज गैरसैंण प्रतियोगिता रहे, जिसने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अनिल नौटियाल उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी, क्षेत्र प्रमुख दुर्गा रावत, नगर पालिका गौचर के पूर्व अध्यक्ष मुकेश नेगी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुंवर रावत, नगर पंचायत के समस्त पूर्व एवं वर्तमान सभासद सहित कई गणमान्य व्यक्तियों एवं महिलाओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न महिला समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए। इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता कुसुमलता गड़िया तथा शैलेश मटियानी पुरस्कार विजेता रंभा शाह को उदंकार सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में मनोज शाह, कुसुमलता गड़िया, पुष्पा शाह एवं लता कोहली शामिल रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति की पुष्पा कंडारी, प्रेमा मेहरा, लक्ष्मी रावत, दीक्षा बरमोला, रश्मि गौड़, मोनिका पंवार, मीना पंवार, कमला बिष्ट, सुनीता शाह, वंदना शाह, दीपा पंवार, संजू खत्री, ममता पंवार और अमरा देवी सहित समिति की सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अवसर पर समिति ने महिलाओं को समाज में सक्रिय भागीदारी निभाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top