आपका यह सम्मान मेरे शहीद बेटे के बलिदान को जीवित रखेगा’ — शहीद पिता के शब्दों से भावुक हुआ ‘कारगिल विजय सम्मान समारोह-2026’

Uncategorized


नई दिल्ली, 13 जुलाई। कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों की स्मृति को नमन करते हुए श्री राम सेवा संस्थान ने सुरसंगम एंटरटेनमेंट प्रा. लि. एवं वर्ल्ड स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट के सहयोग से रविवार को अशोक विहार स्थित सत्यवती कॉलेज ऑडिटोरियम में ‘कारगिल विजय सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन किया। समारोह वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 527 वीर शहीदों को समर्पित रहा। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के 15 शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित सीआरपीएफ के कमांडेंट सुरेन्द्र मेहरा एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। राष्ट्रगान तथा देशभक्ति गीतों के बीच उपस्थित लोगों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, सेवा तथा त्याग की भावना को मजबूत करते हैं।
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब एक बुजुर्ग व्यक्ति स्वयं मंच पर पहुंचे और बताया कि सत्यवती कॉलेज के बाहर लगा कार्यक्रम का पोस्टर देखकर वे समारोह में शामिल होने आए हैं। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र कारगिल युद्ध में शहीद हुआ था। सम्मान ग्रहण करते समय उनकी आंखें नम थीं। उन्होंने भावुक स्वर में कहा, “आपका यह सम्मान मेरे शहीद बेटे के बलिदान को जीवित रखेगा। वर्षों बाद किसी संस्था ने हमारे शहीदों को इतने सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया है।”
शहीद पिता के इन शब्दों ने पूरे सभागार को भावुक कर दिया। उपस्थित लोगों ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका सम्मान किया और कुछ क्षणों के लिए पूरा वातावरण मौन श्रद्धांजलि में बदल गया।
समारोह में सम्मानित परिवारों में परमवीर चक्र विजेता कैप्टन मनोज कुमार पांडेय तथा सेना मेडल से सम्मानित मेजर सी. बी. द्विवेदी के परिजन भी शामिल रहे। सभी परिवारों का स्मृति-चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में विधायक पूनम भारद्वाज, राजकुमार भाटिया, अशोक गोयल और अजय महावर, पार्षद वीणा असीजा, विकेश सेठी, सुशील जोंटी और रेनू अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता रोचिका अग्रवाल तथा दिल्ली भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील जिंदल ने भी समारोह में भाग लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इंडियन आइडल की चर्चित गायिका सलोनी साज़ की देशभक्ति प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। इसके अलावा रश्मि शर्मा, योगेश मलिक, अश्विनी शर्मा, सपना भटनागर एवं अन्य कलाकारों ने देशभक्ति और प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए। दिल्ली पुलिस के अधिकारी एवं सुप्रसिद्ध गायक राम मनोहर मिश्रा ने अपनी ओजस्वी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम का उत्साह भर दिया। वहीं इंस्पेक्टर प्रभांशु की देशभक्ति कविता को भी दर्शकों ने खूब सराहा। एनजीओ प्रयास के बच्चों तथा त्रिमोना डांस अकादमी की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया।
समारोह के दौरान कोविड-19 महामारी में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले समाजसेवी एवं उद्योगपति हरीश प्रूथी को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा पंजाब के पूर्व आईजीपी सुरेश शर्मा, दीप्ति शर्मा जोशी, एनडीएमसी की स्टाफ नर्स कैरोलिन आर्थर तथा अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं और विशिष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हरि शर्मा, दीपांशु, रिशाली यादव, योगराज शर्मा और हरीश शर्मा को सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सोगो क्योर, श्री आनंद हर्बल कॉस्मेटिक्स इंडिया तथा कार 4 यू की ओर से भी शहीद परिवारों को स्मृति-उपहार भेंट किए गए।
समारोह के सफल आयोजन में प्रभांशु कुमार, संजय वाधवा, अनिल सचदेवा, अजय गोयल, हरीश पंडित, आर. सी. शर्मा, राजेश सिंघल, अतुल खन्ना, प्रेम प्रकाश, ब्रजेश जुनेजा, सैमसन रॉबर्ट, रघुवेंद्र, रुचि सरीन, रजनी मिश्रा, तृप्ति तथा पूरी आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, शहीद परिवारों, कलाकारों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सेवा और वीर सैनिकों के सम्मान में ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *