
नई दिल्ली। जहां आमतौर पर जेल का नाम सुनते ही लोगों के मन में डर और नकारात्मक छवि उभरती है, वहीं देश के जाने-माने रेडियो जॉकी संतोष राव ने तिहाड़ जेल के भीतर एक नई उम्मीद की किरण जलाई है। उन्होंने वर्ष 2013 में तिहाड़ जेल की सभी 10 जेलों में कैदियों के लिए FM TJ Radio की शुरुआत कर एक अनोखी पहल की।
इस पहल के तहत हर जेल में अलग-अलग एफएम स्टूडियो स्थापित किए गए, जहां कैदियों को न केवल अपनी बात रखने का मंच मिला, बल्कि उन्हें रेडियो जॉकी बनने की ट्रेनिंग भी दी गई। वर्ष 2013 से लेकर 2026 तक संतोष राव अब तक 1800 से अधिक कैदियों को रेडियो जॉकी की ट्रेनिंग देकर एक मिसाल कायम कर चुके हैं।

उनके इस सराहनीय कार्य के लिए 4 जुलाई 2026 को दिल्ली के ललित होटल में आयोजित एक समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने उन्हें ‘प्रेरणादीप अवॉर्ड’ से सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संतोष राव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य समाज के लिए प्रेरणा हैं और इससे लोगों को सकारात्मक सोच अपनाने की सीख मिलती है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद संतोष राव ने कहा कि जेल में काम करना आसान नहीं होता, लेकिन उन्होंने सभी चुनौतियों को पार करते हुए इस मिशन को आगे बढ़ाया। उन्होंने बताया कि अब तक प्रशिक्षित 1800 कैदियों में से जो कैदी जेल से बाहर आ चुके हैं, उनमें से लगभग 82 कैदी आज भी उनके साथ जुड़कर विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

संतोष राव ने इस मौके पर जेल सुपरिंटेंडेंट श्री राज कुमार का विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह पहल सफल हो सकी। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों के चलते वर्ष 2023 में मंडोली जेल में भी FM TJ Radio की शुरुआत की गई।
आज भी संतोष राव अपनी मेहनत, निष्ठा और सेवाभाव के साथ कैदियों के जीवन को नई दिशा देने में जुटे हुए हैं। उनकी यह पहल यह साबित करती है कि अगर अवसर और मार्गदर्शन मिले, तो हर व्यक्ति अपने जीवन को बदल सकता

