
प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच से प्रेरित होकर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने योग को स्वास्थ्य, कल्याण एवं राष्ट्र प्रगति का माध्यम बताया
नई दिल्ली, :–योग शरीर को सुदृढ़, मन को शांत तथा जीवन में संतुलन स्थापित करता है, जो व्यक्तिगत कल्याण एवं राष्ट्र की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है” यह बात दिल्ली विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता ने आज रोहिणी के सेक्टर-14 स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 कार्यक्रम में भाग लेते हुए कही।
विधानसभा अध्यक्ष ने सैकड़ों योग साधकों, स्थानीय निवासियों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वास्थ्य, मानसिक सुदृढ़ता, समग्र कल्याण एवं संतुलित जीवनशैली का संदेश प्रसारित करना था। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के अपने संकल्प को दोहराया।


सभा को संबोधित करते हुए श्री विजेन्द्र गुप्ता ने योग की वैश्विक स्वीकार्यता में निरंतर वृद्धि पर प्रकाश डाला और इसे शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति एवं भावनात्मक संतुलन प्राप्त करने का एक प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग एक वैश्विक जन-आंदोलन के रूप में उभरा है, जिसने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अभूतपूर्व पहचान प्राप्त की है तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को विश्व मंच तक पहुँचाया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने निरंतर योग को जीवन जीने की एक ऐसी पद्धति के रूप में प्रस्तुत किया है, जो व्यक्ति और समाज के बीच सामंजस्य स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की प्रधानमंत्री की परिकल्पना ने लाखों लोगों को स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया है तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल और समग्र कल्याण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।


श्री विजेन्द्र गुप्ता ने नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं, से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि योग को व्यापक रूप से अपनाने से एक स्वस्थ, सुखी एवं उत्पादक समाज के निर्माण में सहायता मिलेगी तथा विकसित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लक्ष्य को गति प्राप्त होगी। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों द्वारा नियमित रूप से योगाभ्यास करने तथा समाज में इसके लाभों का प्रचार-प्रसार करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

