कुलवंत कौर के साथ बंसी लाल की रिपोर्ट :-

- एल्कोमा और ऐस एक्जीबिशंस द्वारा आयोजित ‘लाइटिंग वर्ल्ड एंड होम टेक एक्सपों’ भारत में स्मार्ट लाइटिंग और होम टेक्नोलॉजी के भविष्य को नई दिशा देने जा रहा है।
- भारत का पहला स्मार्ट लाइटिंग और होम टेक्नोलॉजी पर केंद्रित विशेष मंच जनवरी 2027 में शुरू होगा।
नई दिल्ली, 13 मई 2026: एल्कोमा और ऐस एक्जीबिशंस ने मिलकर ‘लाइटिंग वर्ल्ड एंड होम टेक एक्सपों’ शुरू करने की घोषणा की है। यह भारत का पहला ऐसा मंच होगा, जो आधुनिक लाइटिंग समाधान और नई पीढ़ी की होम टेक्नोलॉजी को समर्पित होगा। इसकी घोषणा इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में की गई, जहां दोनों संस्थाओंने एमओयू पर हस्ताक्षर किए और ‘भारत में स्मार्ट लाइटिंग और होम टेक का भविष्य’ विषय पर चर्चा आयोजित की। इसमें उद्योग जगत, नीति निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया।

एक्सपो का पहला आयोजन 14 से 16 जनवरी 2027 तक भारत मंडपम् में होगा। यह बी2बी और बी2सी दोनों के लिए एक बड़ा मंच होगा, जहां लाइटिंग और स्मार्ट होम टेक्नोलॉजी से जुड़ी पूरी श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी। इसमें लैंप, लाइटिंग उपकरण, कंपोनेंट्स, ऑटोमेशन सिस्टम, एवी इंटीग्रेशन, ऊर्जा प्रबंधन और स्मार्ट होम समाधान शामिल होंगे।
यह पहल ऐसे समय में शुरू हो रही है, जब भारत में लाइटिंग और स्मार्ट होम सेक्टर तेजी से बढ़ रहे हैं। वर्ष 2025 में लगभग 3.83 अरब अमेरिकी डॉलर का भारतीय लाइटिंग बाजार 2031 तक 5.12 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। वहीं स्मार्ट लाइटिंग बाजार 2025 के करीब 1.2 अरब डॉलर से बढ़कर 2034 तक 11.5 अरब डॉलर से अधिक हो सकता है। इसका मुख्य कारण आईओटी आधारित सिस्टम, मानव-केंद्रित लाइटिंग और वॉयस कंट्रोल तकनीक का बढ़ता उपयोग है। इसी तरह भारत का स्मार्ट होम बाजार 2025 के 5.2 अरब डॉलर से बढ़कर 2031 तक 24.1 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।

पराग भटनागर ने कहा कि भारत का लाइटिंग उद्योग तेजी से स्मार्ट, कनेक्टेड और टिकाऊ तकनीक की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह मंच नवाचार, उद्योग सहयोग और भविष्य की तकनीकों को बढ़ावा देगा।
अमल सेनगुप्ता ने कहा कि स्मार्ट लाइटिंग और होम ऑटोमेशन का मेल इस क्षेत्र को बदल रहा है। यह एक्सपो निर्माताओं, डिजाइनरों और तकनीकी विशेषज्ञों को नए विचार साझा करने और आधुनिक समाधान प्रस्तुत करने का अवसर देगा।
अनुप्रीत सिंह जग्री ने कहा कि यह एक्सपो लाइटिंग और होम ऑटोमेशन की दुनिया को एक मंच पर लाने का प्रयास है। यह कार्यक्रम स्मार्ट सिटी मिशन और भारत के टिकाऊ विकास लक्ष्यों के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि इसे हर साल आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रम के रूप में विकसित किया जाएगा, जो कारोबार, नवाचार और ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों को बढ़ावा देगा।
तीन दिन चलने वाले इस एक्सपो में प्रदर्शनी, तकनीकी सेमिनार, खरीदार-विक्रेता बैठकें, नवाचार प्रदर्शन, पुरस्कार और नई तकनीकों पर कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इनमें लाइट फेडिलिटी यानी लाइ फाइ, सर्केडियन लाइटिंग, एआई आधारित ऑटोमेशन और नेट-जीरो बिल्डिंग समाधान जैसी तकनीकें शामिल रहेंगी।

