बंसी लाल की रिपोर्ट :-

नई दिल्ली, 18 मार्च 2026: छोटे और लघु उद्यमों तथा व्यापारियों को क्लस्टर स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘धन संवाद’ पहल के अंतर्गत एक राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में फाउंडेशन फॉर एमएसएमई क्लस्टर्स द्वारा महिंद्रा फाइनेंस के सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छोटे और लघु उद्यमियों को सशक्त बनाना, उनके बीच डिजिटल और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना तथा उन्हें वित्तीय सहायता के अवसरों से जोड़ना था। साथ ही, एमएसएमई क्षेत्र में रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर नीलिमा डिसिल्वा दलवी (वाइस प्रेसिडेंट एवं सीएसआर हेड, महिंद्रा फाइनेंस) सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. आर. के. भारती (निदेशक, एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार) थे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में पी. के. गोस्वामी (उप निदेशक, औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य, श्रम मंत्रालय, एनसीटी दिल्ली सरकार) तथा रूबी पाहुजा (एजीएम, सिडबी) शामिल रहीं।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने नैनो एवं माइक्रो उद्यमियों को प्रेरित करते हुए उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने, नवाचार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इस कार्यशाला में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से लगभग 150 नैनो एवं माइक्रो एमएसएमई प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘धन संवाद’ पहल के माध्यम से प्रतिभागियों के बीच ज्ञान और जागरूकता में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने डिजिलॉकर एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के उपयोग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं संस्था के कार्यकारी निदेशक मुकेश गुलाटी द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

