मोदी नेतृत्व में बदली भारतीय व्यापार की तस्वीर, भारत मंडपम में सजेगा स्वदेशी शक्ति का महाकुंभ।

लोकल से ग्लोबल तक भारतीय व्यापार की उड़ान, ‘भारतीय व्यापार महोत्सव’ बनेगा मील का पत्थर

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत के व्यापारिक परिदृश्य में ऐतिहासिक और तेज़ परिवर्तन देखने को मिल रहा है। जहाँ एक ओर देश का आंतरिक व्यापार अभूतपूर्व रूप से सशक्त हुआ है, वहीं दूसरी ओर वैश्विक बाज़ार भारतीय उत्पादों के लिए नए-नए अवसर खोल रहा है, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था नई ऊँचाइयों को छूने की दिशा में अग्रसर है।

श्री गोयल ने यह बात दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद एवं कन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री श्री प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में कल शाम वाणिज्य भवन में मिले कैट के एक प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान कही।

श्री गोयल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के भारतीय वस्तुएँ बेचो और खरीदो के आह्वान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से कैट द्वारा 1 से 4 मई तक नई दिल्ली के भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित किए जा रहे देश के अब तक के सबसे बड़े भारतीय व्यापार महोत्सव को एक ऐतिहासिक पहल करार दिया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के व्यापार एवं उद्योग तथा सेवाओं की क्षमता, सामर्थ्य और शक्ति को देश ही नहीं बल्कि दुनिया के सामने प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत करेगा।

श्री गोयल ने इस महाकुंभ को सफल बनाने के लिए अपने मंत्रालय की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि यह आयोजन देश की अर्थव्यवस्था को और अधिक मज़बूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

यह उल्लेखनीय है कि 25 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित कैट की राष्ट्रीय गवर्निंग काउंसिल की बैठक में स्वयं केंद्रीय वाणिज्य मंत्री श्री पीयूष गोयल ने इस प्रकार के भव्य आयोजन का सुझाव दिया था।

बैठक के दौरान स्वदेशी उत्पादों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और कारीगरों को डिजिटल भुगतान, व्यापक बाज़ार पहुँच तथा सशक्त बी-टू-बी और बी-टू-सी नेटवर्किंग के माध्यम से बढ़ावा देने पर सार्थक चर्चा हुई। श्री गोयल ने कहा कि ये प्रयास प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया और लोकल टू ग्लोबल विज़न को मजबूती प्रदान करेंगे और भारत की विनिर्माण क्षमता एवं नवाचार को वैश्विक मंच पर स्थापित करने में अहम सिद्ध होंगे। उन्होंने विशेष रूप से सुदूर क्षेत्रों में स्वदेशी उत्पाद बनाने वाले उद्यमियों को प्रमुख स्थान देने पर ज़ोर दिया।

श्री खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि चार दिवसीय इस भव्य महोत्सव में देशभर से लगभग 2200 स्टालों के माध्यम से विशुद्ध रूप से भारतीय उत्पादों तथा विभिन्न सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। महोत्सव में देश के सभी राज्यों से लगभग 10 लाख दर्शकों के आने की संभावना है, जिनमें करीब 2 लाख बिज़नेस विज़िटर शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि यह महोत्सव अत्याधुनिक तकनीक से संचालित होगा। विभिन्न उत्पादों के लिए अलग-अलग पवेलियन होंगे, जिससे व्यापारिक आगंतुकों को नए अवसर तलाशने में सुविधा होगी। डिजिटल कियोस्क, एक विशेष मोबाइल ऐप के ज़रिए एआई असिस्टेंट, प्रगति मैदान का डिजिटल मैप और क्यूआर कोड आधारित प्रवेश व्यवस्था इस महोत्सव को अपनी तरह की अब तक की सबसे आधुनिक और उत्कृष्ट प्रदर्शनी बनाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि इस महोत्सव में केवल भारतीय उत्पादों एवं सेवाओं का ही प्रदर्शन किया जाएगा, जो स्वदेशी की भावना को नई ऊर्जा देगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top