सीआईईएल एचआर की रिपोर्ट में खुलासा, एआई और साइबर सुरक्षा जैसे विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में बढ़ रही मांग

Uncategorized

आईटी क्षेत्र में स्थायी नौकरियों के मुकाबले कॉन्ट्रैक्ट भर्तियों में चार गुना से अधिक वृद्धि

नई दिल्ली, 17 नवंबर। भारत के आईटी क्षेत्र में स्थायी नौकरियों की तुलना में कॉन्ट्रैक्ट और प्रोजेक्ट आधारित भर्तियों का चलन तेजी से बढ़ रहा है। सीआईईएल एचआर की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में आईटी क्षेत्र में कॉन्ट्रैक्ट स्टाफिंग में 10.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि स्थायी तकनीकी रोजगार में यह वृद्धि केवल 2.3 प्रतिशत रही। यानी कॉन्ट्रैक्ट भर्तियों की वृद्धि दर स्थायी रोजगार के मुकाबले चार गुना से अधिक रही। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनियां अब बदलती व्यावसायिक जरूरतों और नई तकनीकों के अनुरूप विशेषज्ञ प्रतिभाओं को निश्चित अवधि और परियोजनाओं के आधार पर नियुक्त कर रही हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग से जुड़े कौशल की मांग में 86.5 प्रतिशत, जबकि साइबर सुरक्षा और डिजिटल ट्रस्ट के क्षेत्र में 81.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। एजेंटिक एआई इंजीनियरों की मांग में 260 प्रतिशत का उछाल आया है। हालांकि, इन पदों को भरने में कंपनियों को औसतन 10 से 12 सप्ताह का समय लग रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, तकनीकी क्षेत्र में भर्ती की लगभग 80 प्रतिशत मांग अनुभवी पेशेवरों के लिए है। इनमें चार से आठ वर्ष का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। वहीं, साइबर सुरक्षा और एआई आधारित इंजीनियरिंग में कुशल प्रतिभाओं की कमी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। देश में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) के विस्तार से भी कॉन्ट्रैक्ट आधारित नियुक्तियों को बढ़ावा मिल रहा है। अनुमान है कि वर्ष 2026 के अंत तक भारतीय जीसीसी में लगभग 25 प्रतिशत पद कॉन्ट्रैक्ट आधारित हो सकते हैं। सीआईईएल एचआर के एमडी एवं सीईओ आदित्य नारायण मिश्रा ने कहा कि कंपनियों को तेजी से बदलती तकनीकी जरूरतों के लिए विशेषज्ञ प्रतिभाओं की आवश्यकता है। ऐसे में स्थायी कर्मचारियों के साथ कॉन्ट्रैक्ट और पेशेवर स्टाफिंग भी कार्यबल की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *