प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पहला और सुखद अनुभव रहा छात्र चुनाव : प्रो. (डॉ.) रमा

Uncategorized


नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों एवं संस्थानों में छात्रसंघ चुनाव के साथ हंसराज कॉलेज में भी छात्र परिषद के चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए। हंसराज कॉलेज में 2,902 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान प्रतिशत लगभग 43 प्रतिशत रहा।
हंसराज कॉलेज की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) रमा ने कहा, “विशेष रूप से प्रथम वर्ष के उन विद्यार्थियों के लिए, जिन्होंने पहली बार मतदान किया, यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया से उनके प्रत्यक्ष जुड़ाव का पहला और सुखद अनुभव रहा। युवाओं में चुनाव को लेकर उत्साह और सहभागिता उल्लेखनीय रही। शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित चुनाव प्रक्रिया ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र की भावना को करीब से समझने का अवसर दिया।”


मतदान प्रक्रिया प्रातः 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित हुई। इस चुनाव में विद्यार्थियों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव तथा दो केंद्रीय पार्षदों (Central Councillors) के पदों के लिए मतदान किया।
विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से मतदान के लिए दो अलग-अलग माध्यमों का प्रयोग किया गया। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के लिए EVM का इस्तेमाल किया गया, जबकि हंसराज कॉलेज छात्र परिषद के चुनाव के लिए मतपेटी (Ballot Box) के माध्यम से मतदान कराया गया। प्रो. (डॉ.) रमा ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया में प्रयुक्त दोनों प्रमुख मतदान माध्यमों से परिचित कराना था।
उन्होंने कहा, “चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक जिम्मेदारियों और सहभागिता का व्यावहारिक अनुभव देने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। EVM और मतपेटी, दोनों के माध्यम से मतदान का अवसर विद्यार्थियों के लिए एक सार्थक शैक्षणिक एवं नागरिक अनुभव रहा।”


विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए हंसराज कॉलेज की ओर से विशेष व्यवस्थाएँ की गईं। मतदान करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र (Appreciation Certificate) प्रदान करने की व्यवस्था की गई। साथ ही, विद्यार्थियों की शैक्षणिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपस्थिति का प्रावधान भी रखा गया, जो उनके अकादमिक क्रेडिट को सुदृढ़ करने में सहायक होगा।
लोकतंत्र के इस उत्सव को यादगार बनाने के लिए कॉलेज परिसर में सेल्फी पॉइंट्स भी स्थापित किए गए, जो विद्यार्थियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने इन सेल्फी पॉइंट्स पर तस्वीरें लेकर चुनावी प्रक्रिया में अपनी भागीदारी और लोकतंत्र के इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
प्रो. (डॉ.) रमा ने कहा कि “स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद को मजबूत करते हैं। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी न केवल अपने मताधिकार का प्रयोग करें, बल्कि लोकतंत्र की भावना, जिम्मेदारी और मूल्यों को भी समझें।”
हंसराज कॉलेज में चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कॉलेज प्रशासन, निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग की सराहना की गई। संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
चुनाव परिणाम 19 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। हंसराज कॉलेज छात्र संघ परिणामों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव तथा दो केंद्रीय पार्षदों के पदों के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों के नाम घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *