दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देगी — श्री सूद


नई दिल्ली :दिल्ली के शहरी विकास मंत्री श्री आशीष सूद ने आज जनकपुरी दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवक के परिजनों से मुलाकात की,दोषियों पर सख़्त कार्रवाई का आश्वासन

बंसी लाल की रिपोर्ट :-

हादसे के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, कड़ी कार्यवाही और सजा का भी प्राबधन– शहरी विकास मंत्री

दिल्ली के शहरी विकास मंत्री श्री आशीष सूद ने आज जनकपुरी में हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवक के परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात की। मंत्री महोदय ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक, असहनीय और पूरे समाज को झकझोर देने वाली है।

श्री सूद ने कहा कि इस कठिन और दुःखद घड़ी में दिल्ली सरकार पूरी मजबूती से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि परिवार को हर संभव सहायता, सहयोग और न्याय मिले। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ देख रही है।

श्री सूद ने स्पष्ट किया कि जनकपुरी की यह घटना केवल एक हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही की आशंका से जुड़ा गंभीर मामला है। दिल्ली सरकार की ओर से इस घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या जिम्मेदारी के अभाव का मामला आता है तो दोषियों के विरुद्ध सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

श्री सूद ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं और निगरानी तंत्र को और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इस घटना से सबक लेकर व्यवस्था में आवश्यक सुधार करेगी, ताकि दिल्ली के नागरिकों की जान और सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top