मजबूत पंथक नेतृत्व को दोबारा स्थापित करने के लिए जरूरी था यह गठबंधन

Uncategorized

पंथ और पंजाब के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ऐतिहासिक फैसला है अकाली-भाजपा गठबंधन : भुंदड़, सरना

दिल्ली में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों को सौंपी गईं अहम जिम्मेदारियां

नई दिल्ली, 27 नवंबर : अकाली-भाजपा गठबंधन होने के बाद शिरोमणि अकाली दल के दिल्ली स्थित कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक हुई। इस दौरान दिल्ली के प्रभारी बलविंदर सिंह भुंदड़ और दिल्ली इकाई के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने अपने संबोधन में संयुक्त रूप से कहा कि यह गठबंधन केवल एक राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि पंथ, पंजाब और सिख कौम के भविष्य को सुरक्षित करने का एक ऐतिहासिक फैसला है। उन्होंने बंदी सिंहों की रिहाई, करतारपुर कॉरिडोर सहित अन्य मसलों के शीघ्र समाधान की उम्मीद भी जताई। इसके अलावा भुंदड़ और सरना ने दिल्ली गुरुद्वारा चुनावों के लिए भी कमर कसने का आह्वान किया। पार्टी के विस्तार और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष हरविंदर सिंह सरना, मनजीत सिंह जी.के., राष्ट्रीय महासचिव गुरमीत सिंह शंटी और जतिंदर सिंह साहनी भी मौजूद थे।

भुंदड़ और सरना ने अपने संबोधन में कहा कि शिरोमणि अकाली दल 106 वर्ष पुराना पंथक संगठन है, जिसने देश की आजादी से लेकर पंजाबी सूबे की प्राप्ति, सिखों के अधिकारों की रक्षा और कौम की पहचान बनाए रखने के लिए बड़ी कुर्बानियां दी हैं। इसी गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब और सिख कौम को कई गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। नशे ने नौजवान पीढ़ी को तबाह किया है, किसान आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं, बंदी सिंहों का मामला अनसुलझा है और पंजाब की अमन-शांति के सामने चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। ऐसे हालात में पंथक पार्टी का कमजोर होना कौम के हित में नहीं था। इसलिए मजबूत पंथक नेतृत्व को दोबारा स्थापित करने के लिए यह गठबंधन जरूरी था।

उन्होंने कहा कि हिंदू-सिख एकता पंजाब की सबसे बड़ी ताकत है। जब अकाली दल और भाजपा एक साथ रहे हैं, तब पंजाब में शांति, आपसी भाईचारे और विकास का माहौल बना रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गठबंधन पंजाब को नफरत और विभाजन की राजनीति से बचाकर भाईचारे और खुशहाली के रास्ते पर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें पंजाब को फिर अशांति की ओर धकेलना चाहती हैं, जिसे रोकने के लिए एक मजबूत, भरोसेमंद और अकाल तख्त साहिब के सिद्धांतों पर चलने वाली पंथक पार्टी का सत्ता में होना जरूरी है।

सरना ने स्पष्ट किया कि बंदी सिंहों की रिहाई का मुद्दा सिख कौम का सबसे भावनात्मक और महत्वपूर्ण मुद्दा है। इसका समाधान विरोध में बैठकर नहीं, बल्कि केंद्र सरकार के साथ बातचीत और तालमेल के जरिए ही निकल सकता है। गठबंधन में शामिल होते समय इस मुद्दे को पहली प्राथमिकता में रखा गया है और इसका स्थायी समाधान निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान पंजाब की रीढ़ की हड्डी हैं। कृषि कानूनों के मुद्दे पर पार्टी ने उस समय सैद्धांतिक स्टैंड लिया था, लेकिन अब किसानों के भविष्य के लिए जरूरी है कि उनके मसलों का समाधान केंद्र सरकार के साथ बातचीत करके किया जाए।

उन्होंने कहा कि नशा आज पंजाब की सबसे बड़ी बीमारी बन चुका है। हजारों परिवार बर्बाद हो चुके हैं और नौजवान पीढ़ी का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। गठबंधन ने संकल्प लिया है कि पंजाब को नशामुक्त किया जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा युवाओं के लिए खेल, शिक्षा और रोजगार के अवसर पैदा करना इस अभियान का हिस्सा होगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस गठबंधन में शिरोमणि अकाली दल को ‘बड़ा भाई’ माना गया है और मुख्यमंत्री अकाली दल का होगा। उनके अनुसार, इससे यह स्पष्ट होता है कि पंजाब की अगुवाई पंथक पार्टी के हाथों में ही रहेगी तथा सिख संस्थाओं की स्वतंत्रता और मर्यादा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *