दिल्ली में 27 नवंबर से सजेगा ‘कारीगर बाज़ार’; 26 से अधिक राज्यों के 250 से अधिक कारीगर होंगे शामिल

Uncategorized

नई दिल्ली, 25 नवंबर 2026: भारत की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने वाला ‘कारीगर बाज़ार’ अपने दूसरे संस्करण के साथ दिल्ली लौट रहा है। इसका आयोजन 27 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, गेट नंबर 1, लोधी रोड, नई दिल्ली में किया जाएगा।

इस संस्करण में 26 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 250 से अधिक कारीगर और शिल्पकार अपनी कला एवं हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इनमें राष्ट्रीय पुरस्कार और संत कबीर पुरस्कार से सम्मानित शिल्पकारों के साथ जीआई टैग प्राप्त कला के विशेषज्ञ, पारंपरिक बुनकर, महिला कारीगर, स्वयं सहायता समूह और उभरते हुए उद्यमी शामिल होंगे।

बाज़ार में बनारसी, चंदेरी, महेश्वरी और इकत जैसे पारंपरिक वस्त्रों के साथ ब्लॉक प्रिंटिंग, चिकनकारी, कच्छ कढ़ाई, मधुबनी, गोंड चित्रकला, टेराकोटा, ब्लू पॉटरी, धातु एवं लकड़ी की नक्काशी, पारंपरिक आभूषण और पर्यावरण अनुकूल हस्तशिल्प उत्पादों की विविधता देखने को मिलेगी।

इस बार ‘कारीगर एक्सपीरियंस सेंटर’ भी विशेष आकर्षण होगा, जहां आगंतुक बुनाई, कढ़ाई, मिट्टी के बर्तन बनाने, चित्रकला और नक्काशी जैसी पारंपरिक कलाओं का लाइव प्रदर्शन देख सकेंगे। इसका उद्देश्य लोगों को उत्पादों के साथ-साथ उनके पीछे की कला, तकनीक और कारीगरों की पीढ़ियों से चली आ रही विरासत से जोड़ना है।

कारीगर बाज़ार के निदेशक एवं सह-संस्थापक आमिर खान ने कहा कि पिछले संस्करण को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद इस बार आयोजन को और व्यापक स्वरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य कारीगरों को पहचान और बाजार उपलब्ध कराना तथा उन्हें सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ना है।

वहीं, निदेशक एवं सह-संस्थापक पंकज सिंह राणा ने कहा कि कारीगर बाज़ार के माध्यम से देश की विविध शिल्प परंपराओं को व्यापक पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं से लेकर छोटे कारीगर समूहों और महिला स्वयं सहायता समूहों तक, सभी को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इस संस्करण की थीम है—“Bigger. Better. More Authentic.”

कारीगर बाज़ार, क्राफ्ट एंड आर्टिजन रिवाइवल वेलफेयर फाउंडेशन की पहल है। इसका उद्देश्य भारत की पारंपरिक हस्तशिल्प विरासत के संरक्षण के साथ कारीगर समुदायों के लिए आजीविका और बाजार के नए अवसर तैयार करना है।

आयोजन:27 नवंबर से 6 दिसंबर 2026
स्थान: जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, गेट नंबर 1, लोधी रोड, नई दिल्ली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *