
एक बार फिर धूम मची है; धूम मचेगी! उत्सव का आयोजन होगा! जी! यह उत्सव है विद्या का उत्सव; शिक्षा का उत्सव; भारत के कर्णधार – विद्यार्थियों और शिक्षकों का विद्या उत्सव!!
नई दिल्ली:पूरे भारतवर्ष में सैंतीस हज़ार विद्यार्थियों को दो हज़ार पाँच सौ निष्ठावान अध्यापकों के द्वारा शिक्षा प्रदान कर रहे छब्बीस बाल भारती पब्लिक स्कूलों की शीर्षस्थ संस्था चाइल्ड एजुकेशन सोसायटी द्वारा एक बार फिर चौथा सी ई एस विद्या उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह जानकारी चाइल्ड एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष श्री निखिल चानना एवं बाल भारती पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती सुरुचि गांधी ने कार्यक्रम के संबंध में सम्मिलित रूप से साझा की।
बाल भारती स्कूलों की शीर्षस्थ संस्था चाइल्ड एजुकेशन सोसायटी द्वारा विद्या उत्सव कार्यक्रम का आरंभ वर्ष 2023 में फरवरी माह में संस्था के स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में पहली बार दिल्ली के कमानी सभागार में किया गया था। तब से प्रतिवर्ष यह उत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी का चतुर्थ समारोह उत्सव आगामी 7 फरवरी 2026 शनिवार को दिल्ली छावनी स्थित मानेकशॉ सेंटर में होगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सम्पूर्ण कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न होगा। प्रथम सत्र में, मुख्य वक्ता के रूप में, भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय में शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी श्री संजय कुमार ‘कक्षाओं से इतर भविष्य निर्माण : वास्तविक संसार के कौशलों के दृष्टिकोण से अनुभवात्मक शिक्षा’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। इसी सत्र में प्रबंधन बोर्ड के सदस्य तथा सी ई एस के आई टी (सूचना एवं प्रौद्योगिकी) सलाहकार श्री शरद अरोड़ा की मध्यस्थता में एआईसीटीई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा अनुवादिनी एआई के मुख्य समन्वय अधिकारी डॉ. बुद्ध चंद्रशेखर, सार्वजनिक नीति, व्यापार नीति, कौशल और शिक्षा की विशेषज्ञ सुश्री लक्ष्मी कौल, शिक्षाविद्, लेखिका, सार्वजनिक नीति और कौशल की विशेषज्ञ; शिक्षा उद्योग के निदेशक, माइक्रोसॉफ्ट एलिवेट डॉ. विन्नी जौहरी, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में कौशल शिक्षा और प्रशिक्षण के निदेशक डॉ. बिस्वजीत साहा सहित एक उच्च स्तरीय पैनल शिक्षा, कौशल, अनुभवात्मक शिक्षा आदि विभिन्न पक्षों पर विस्तृत चर्चा करेगा।
दूसरे सत्र में सुप्रसिद्ध फिल्म, दूरदर्शन एवं रंगमंच अभिनेता श्री आशुतोष राणा मुख्य वक्ता होंगे। उनके वक्तव्य के मूल आधार होंगे – विद्या, विवेक, विकास।
कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्वलन तथा विद्यार्थियों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा किया जाएगा तथा
कार्यक्रम का समापन चाइल्ड एजुकेशन सोसायटी के संयुक्त सचिव श्री लक्षवीर सहगल द्वारा धन्यवाद संबोधन तथा राष्ट्र गान द्वारा किया जाएगा। संपूर्ण कार्यक्रम अत्यंत प्रभावशाली व शिक्षाप्रद रहेगा।

