
नई दिल्ली। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार एवं समाचार संपादक राजेश शर्मा को ‘स्वामी विवेकानंद अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान स्वामी आत्मा प्रियनंदन जी महाराज एवं मध्य प्रदेश पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक के. पी. वेंकटेश्वर राव ने प्रदान किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद राजेश शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता उनके लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज और आमजन के प्रति एक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अपनी लेखनी के माध्यम से जनसरोकारों को प्रमुखता देना, समाज की आवाज को सामने लाना और तथ्यों को निर्भीकता से प्रस्तुत करना उनकी पत्रकारिता की मूल भावना रही है।
उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और निष्ठा के बाद मिला यह सम्मान उनके लिए गौरव का विषय है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्होंने सम्मान को अपने परिवार, वरिष्ठजनों, पत्रकार साथियों, सहयोगियों, मित्रों और पाठकों को समर्पित किया, जिनके सहयोग और विश्वास ने उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, नौकरशाहों, वरिष्ठ पत्रकारों तथा सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। राजेश शर्मा ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपनी प्रेरणा बताते हुए पत्रकारिता के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और अधिक ईमानदारी, निर्भीकता और निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए मंजिल नहीं, बल्कि आगे की यात्रा में नई जिम्मेदारी की शुरुआत है।

