
दिल्ली के छोटे एवं मध्यम उद्योगों को मजबूत बनाने तथा उन्हें देश-विदेश के बाजारों से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार की ओर से शुरू की जा रही पहल को लेकर एपेक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. कपिल चोपड़ा ने इसे सकारात्मक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योगों को तकनीकी सहयोग, गुणवत्ता प्रमाणन, ऋण प्राप्त करने, सरकारी मंजूरियों तथा नए बाजारों तक पहुंच बनाने में सहायता मिलने से उनकी कार्यक्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ सकती है।
डॉ. कपिल चोपड़ा ने कहा, “यह एक अच्छा कदम है, लेकिन इसकी वास्तविक प्रभावशीलता और क्रियान्वयन को देखना जरूरी होगा।” उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता केवल घोषणा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका लाभ वास्तविक रूप से छोटे उद्यमियों तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि योजना के तहत चयनित उद्योगों को तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्ता सुधार और बाजार विस्तार में समयबद्ध सहयोग मिले तथा इसकी नियमित निगरानी की जाए। इससे छोटे उद्योगों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने, नए बाजार तलाशने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिल सकती है। डॉ. चोपड़ा ने प्रभावी Implementation को इस पहल की सफलता की महत्वपूर्ण कसौटी बताया।

