श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में “युवा कुंभ” का सफल आयोजन

नई दिल्ली — श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज (दिल्ली विश्वविद्यालय) में “युवा कुंभ” के उद्घाटन समारोह का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री मनीष जी (समाजसेवी), मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री ज्योति निगोतिया (प्रबंधक, राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम, एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार) तथा मुख्य वक्ता के रूप में श्री इन्द्रेश तिवारी जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 130 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके पश्चात अतिथियों का सम्मान किया गया। कॉलेज की प्राचार्या एवं संरक्षक प्रो. नीलम गोयल ने अपने स्वागत वक्तव्य में कहा कि युवा कुंभ छात्राओं को कौशल विकास, समग्र व्यक्तित्व निर्माण तथा सामूहिक कार्य संस्कृति से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. मनीष कुमार सिंह ने बताया कि युवा कुंभ छात्राओं की प्रतिभा को निखारने और उनके समग्र विकास के लिए एक सशक्त मंच है। यह माहभर चलने वाला महोत्सव लगभग 4500 छात्राओं को जोड़ने का लक्ष्य रखता है, जिसमें सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के संचालन में 50 से अधिक फैकल्टी एवं 150 से अधिक छात्र समन्वयक सहयोग कर रहे हैं। महोत्सव के अंतर्गत खेल, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, नृत्य, युवा संसद, उद्यमिता, नवाचार, रचनात्मक कला और सामुदायिक सेवा सहित 15 गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। डॉ. सिंह ने छात्राओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि श्री मनीष जी ने कहा कि युवाओं की भूमिका राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा ऐसे कार्यक्रम उनमें सेवा भाव, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक नेतृत्व विकसित करते हैं। मुख्य अतिथि सुश्री ज्योति निगोतिया और मुख्य वक्ता श्री इन्द्रेश तिवारी जी ने उद्यमिता, नवाचार और कौशल विकास के व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक छायाचित्र एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मंच संचालन डॉ. विभा नायक ने किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top